प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जेनोवा बायोफार्मा, बायोलॉजिकल ई और डॉ. रेड्डी के दल से कोविड-19 के वैक्सीन को विकसित किए जाने के संबंध में जानकारी हासिल की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वैक्सीन बना रही टीम को सुझाव दिया कि वे टीका और संबंधित मामलों जैसे इसके प्रभाव आदि के बारे में आम जनता को सरल भाषा में सूचित करने के लिए अतिरिक्त प्रयास करें। टीके वितरित करने के संबंध में रसद, परिवहन, कोल्ड चेन आदि से संबंधित मामलों पर भी चर्चा की गई।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते शनिवार को तीन शहरों का दौरा कर वहां के संस्थानों में कोरोना के टीके बनाने की प्रगति जानी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने अहमदाबाद स्थित जाइडस बायोटेक पार्क, हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक और पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया का दौरा किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गर्व प्रकट करते हुए कहा था कि भारत में विकसित किए जा रहे हैं स्वदेशी टीकों में अब तक प्रगति काफी अच्छी रही है। उन्होंने टीके को वितरित किए जाने की प्रक्रिया को और बेहतर करने के संबंध में सुझाव भी मांगे।आपको बता दें कि भारत में इन तीनों वैक्सीन का ट्रायल अंतिम चरण में है।
