संवाददाता: साबिर अल्ली
बगहा पुलिस जिला अंतर्गत चौतरवा थाना क्षेत्र के हरिहर उच्च विद्यालय पतिलार स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल पतिलार के बच्चों से भरी पिकअप वैन दुर्घटनाग्रस्त होकर पतिलार उच्च विद्यालय के पास पलट गया. इसमें आधा दर्जन से ज्यादा स्कूली बच्चे जख्मी हो गये. वही स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी बच्चों को पिकअप वैन से बाहर निकाला और पतिलार पीएचसी में भर्ती कराया. जहां सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार कराने के बाद बगहा रेफर किया गया है.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन परेशान होकर पीएचसी और अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे. जहां अपने-अपने बच्चों की स्थिति देखा. घायलों में रिशु कुमारी, सत्यम कुमार, प्रिंस कुमार, अंश कुमार, कृपा कुमारी, सूरज कुमार, अंशिका कुमारी, अंगद यादव आदि शामिल है. सभी घायल छात्रों का इलाज डॉ. एके तिवारी ने किया. उन्होंने बताया कि तीन बच्चो को सिर में गंभीर चोट है. इसमें अंश कुमार, अंशिका कुमारी व सूरज कुमार को सीटी स्कैन कराने को कहा है.
उन्होंने बताया कि रिपोर्ट देख कर चोट की गंभीरता पता चलेगा. शेष बच्चे खतरे से बाहर है. पूरा मामला बगहा पुलिस जिले के चौतरवा थाना क्षेत्र के पतिलार की है. जहां शुक्रवार की सुबह करीब 6:30 बजे ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल पतिलार की एक पिकअप वैन स्कूली बच्चों को लेकर जा रही थी. पतिलार हाई स्कूल के सामने अचानक पिकअप वैन का संतुलन बिगड़ गया और बच्चों सहित पिकअप सड़क के नीचे पलट गया. जिसमें सवार करीब आधा दर्जन से ज्यादा बच्चे जख्मी हो गये. वहीं दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया. उसके बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी बच्चों को पिकअप से बाहर निकाला
और इलाज के लिए पतिलार पीएचसी ले गये. जहां आंशिक रूप से घायल छात्रों का इलाज किया गया. जबकि सिर व पैर में गंभीर चोट वाले छात्रों को बेहतर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा रेफर कर दिया गया. वही इस मामले में चौतरवा थानाध्यक्ष सुरेश कुमार यादव ने बताया कि पतिलार स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक नामक एक निजी स्कूल है. जिसके संचालक प्रदीप कुमार मिश्रा है. दुर्घटना में करीब आधा दर्जन से ज्यादा बच्चे जख्मी हुए हैं.
जिन्हें उनके परिजन इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा ले गये हैं. थानाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में जख्मी बच्चों के परिजन से आवेदन प्राप्त होने पर विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए कार्रवाई किया जायेगा. पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है.
