संवाददाता: साबिर अली
बगहा में शौच करने गई लड़की को चार युवकों ने जबरन पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। जब लड़की शोर मचाने लगी तो चलती बोलेरो के सामने लड़की को फेंक दिया जिसमें लड़की जख्मी हो गई। उसका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
बतादें बगहा पुलिस जिला के चौतरवा थाना अंतर्गत मौजे टोला में शौच करने गई लड़की के साथ गैंगरेप का प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता का कहना है कि रात 10 बजे के करीब वह खेत के तरफ शौच के लिए गई तभी वहां घात लगाए चार युवकों ने पकड़ लिया और दुष्कर्म करने की कोशिश की। जब उसने हल्ला मचाना शुरू किया तो आरोपियों ने चलती बोलेरो के सामने फेंक दिया और फरार हो गए।
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि विश्वजीत कुमार, संजीव कुमार चंदन कुमार और राजा कुमार सभी पतिलार के रहने वाले युवकों ने उसे पकड़ लिया और टांग कर नजदीक के स्कूल में ले जाने लगे तभी वह चिल्लाने लगी जिसके बाद उसके पिता और घर के अन्य सदस्य आवाज सुनकर आरोपियों की तरफ दौड़े। परिजनों को आता देख आरोपियों ने उसे चौतरवा से धनहा की तरफ जा रही एक बोलेरो के सामने फेंक दिया जिसमें युवती घायल हो गई है। उसका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
वही अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कर रही डॉक्टर चंचल बाला ने बताया कि लड़की के पैर पर ज्यादा चोट है। जिसका एक्सरे करा कर प्राथमिक उपचार किया जा रहा है उसके बाद उसे सीमन जांच और अग्रेतर कार्रवाई के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर किया जा रहा है। बतातें चलें कि महिला थाना ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनके गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दिया है। महिला थाने के थानाप्रभारी धर्मवीर भारती ने बताया कि 47/ 22 केस संख्या दर्ज कर पुलिस मामले के छानबीन और आरोपियों के गिरफ्तारी में जुट गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
