CBI अफसर बनकर पॉश इलाकों में करते थे लूटपाट, दिल्ली पुलिस ने दबोचा
27 मई को दिल्ली के छतरपुर के रहने वाले अजय कुमार ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दी कि जब वो घर पर नहीं थे तब उनकी बुजुर्ग मां के पास एक शख्स बाइक से आया और परिवार वालों के नाम लिए।
- चीटिंग और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे
- सोनू और सन्नी को गिरफ्तार कर ऐसे 20 केस का खुलासा किया
दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है, जो फर्जी सीबीआई और पुलिस अफसर बनकर बुजुर्गों के साथ धोखाधड़ी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। दिल्ली पुलिस ने पंजाब के रहने वाले लखविंदर और हरियाणा के रहने वाले सोनू और सन्नी को गिरफ्तार कर ऐसे 20 केस का खुलासा किया है।
दरअसल 27 मई को दिल्ली के छतरपुर के रहने वाले अजय कुमार ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दी कि जब वो घर पर नहीं थे तब उनकी बुजुर्ग मां के पास एक शख्स बाइक से आया और परिवार वालों के नाम लिए।युवक ने कहा कि पुलिस उनके घर पर छापा मारने आ रही है उस शख्स ने कहा तुरंत अपने घर का कैश और जूलरी लेकर आओ। जैसे ही बुजुर्ग महिला 5 लाख की जूलरी और 5 हजार कैश बैग में डालकर लाई बाइक पर सवार शख्स बैग लेकर फरार हो गया। दिल्ली पुलिस ने अजय कुमार की शिकायत पर FIR दर्ज की और आस पास के सीसीटीवी खंगालना शुरू किया।
पुलिस को सीसीटीवी और मुखबिरों से सुराग मिला, जिसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1 फॉर्च्यूनर कार, 2 और लग्जरी कार के अलावा फर्जी नंबर की मोटरसाइकिल, सीबीआई के सब-इंस्पेक्टर का फर्जी आई-कार्ड बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने 20 ऐसे केस में शामिल होने की बात कबूल की है।
कैसे करते थे शिकार को टारगेट
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि जिस घर को टारगेट करना होता था वे पहले उस घर की रेकी करते थे। पड़ोसियों से उस घर में रहने वालों का नाम और पूरी डिटेल्स वेरिफिकेशन के नाम पर पूछते थे। उसके बाद उन घरों को टारगेट करते थे, जहां बुजुर्ग अकेले रहते थे। लोगों से कहते थे कि पुलिस घर में रेड करने आ रही है। घर का कीमती सामान लाने को कहते थे।फिर सामान लेकर फरार हो जाते थे।
