अरेराज:- देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने और नई पीढ़ी को उनके संघर्ष व बलिदान से जोड़ने के उद्देश्य से स्वतंत्रता सेनानी रामर्षि देव (ऋषिजी) के 121वी जयंती 21 मार्च को ना होकर अब आगामी 29 मार्च को अरेराज में एक भव्य सम्मान समारोह का के रूप में आयोजन किया जाएगा।इस समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों पुत्र,पौत्र,नाती-नतीनी सहित परिवार के सदस्यों को शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा।इस आशय का निर्णय बुधवार को सरस्वती मंदिर परिसर अरेराज में आयोजित स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन की आवश्यक बैठक में लिया गया।बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष किशोर पांडेय ने की।बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आजादी केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं,बल्कि अनगिनत बलिदानों से अर्जित वह अमूल्य धरोहर है,जिसे सहेजना और आगे बढ़ाना समाज का नैतिक दायित्व है।स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को सम्मान देकर ही हम आने वाली पीढ़ियों को यह समझा सकते हैं कि आज का स्वतंत्र भारत किन संघर्षों की नींव पर खड़ा है।कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए।एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा,जो स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों के घर-घर जाकर उन्हें आमंत्रित करेगी,जबकि दूसरी कमेटी अतिथियों एवं मुख्य अतिथियों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी संभालेगी।आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के लिए पूरे अनुमंडल क्षेत्र में 25 तोरण द्वार लगाए जाएंगे,जो स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली गाथा को प्रदर्शित करेंगे।बैठक में यह भी तय किया गया कि समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों,प्रशासनिक अधिकारियों तथा सामाजिक संगठनों को आमंत्रित किया जाएगा,ताकि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन मात्र सम्मान समारोह नहीं,बल्कि देशभक्ति,साहस और त्याग जैसे मूल्यों को पुनर्जीवित करने का प्रयास है।कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा हेतु अगली बैठक 22 फरवरी को आयोजित की जाएगी।बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष अमितानिधि,स्वतंत्रता सेनानी के पौत्र सह नगर पंचायत अध्यक्ष रण्टू पांडेय,धनंजय मिश्रा,निशा पाण्डे,उजाला कुमारी,देवेंद्र कुमार द्विवेदी,पंकज कुमार शर्मा,कमल शाह,दुर्बल मुखिया,भगवान दुबे,संजय कुमार,लाल बाबू सिंह,शिव शंभू पाठक,मिथिलेश कुमार,विनोद कुमार यादव,अभिषेक पांडेय एवं भगवान शास्त्री सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।संगठन के सदस्यों ने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम न केवल स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को सम्मानित करेगा,बल्कि नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को भी सशक्त करेगा और आजादी के मूल्यों को समाज में पुनः जीवंत करने का कार्य करेगा।
अरेराज में 29 मार्च को स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों का सम्मान समारोह//THE ROYAL NEWS
बुधवार, फ़रवरी 04, 2026
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें

