मोतिहारी | न्यूज़ डेस्क
गणतंत्र दिवस समारोह–2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रगान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए टीमों का चयन बुधवार को स्क्रीनिंग प्रक्रिया के माध्यम से कर लिया गया। यह आयोजन जिला प्रशासन के तत्त्वावधान में शहर के महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ।
स्क्रीनिंग में विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों और संस्थानों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों तथा पारंपरिक लोकशैली से जुड़े अनेक आकर्षक एवं मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सभी विधाओं में प्रस्तुत कार्यक्रमों का चयन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया।
निर्णायक मंडल में मुंशी सिंह कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार, वरीय संस्कृतिकर्मी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, संजय पाण्डेय, गुलरेज शहजाद एवं अभय अनंत शामिल रहे।
इस अवसर पर समग्र शिक्षा के मीडिया प्रभारी शकील अहमद सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
विदित हो कि राष्ट्रगान की चयनित टीमें आज गांधी मैदान, समाहरणालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय, जिला परिषद, गांधी संग्रहालय एवं नगर निगम कार्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर अपनी प्रस्तुतियां देंगी। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए चयनित टीमें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शाम को महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां पेश करेंगी।

