जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने किया गांधी संग्रहालय का निरीक्षण, 26 जनवरी से पुस्तकालय सह वाचनालय का शुभारंभ जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल द्वारा आज सदर अनुमंडल पदाधिकारी मोतिहारी निशांत सिहारा, नगर आयुक्त आशीष कुमार एवं सहायक समाहर्ता प्रिया रानी के साथ मोतिहारी स्थित गांधी संग्रहालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि गांधी संग्रहालय के जीर्णोद्धार का कार्य पूर्ण हो चुका है।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने गांधी संग्रहालय के प्रथम तल पर पुस्तकालय सह वाचनालय की स्थापना करने का निर्देश दिया तथा इसका शुभारंभ गणतंत्र दिवस, 26 जनवरी 2026 के अवसर पर सुनिश्चित कराने हेतु सामान्य शाखा की प्रभारी पदाधिकारी निधि को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को संग्रहालय में एक लाइब्रेरियन की प्रतिनियुक्ति करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में महात्मा गांधी से संबंधित पुस्तकें, साहित्यिक ग्रंथ, मैगजीन एवं समाचार पत्र उपलब्ध कराए जाएं, ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुस्तकालय की व्यवस्था निःशुल्क रखी जाए, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं एवं स्कूली बच्चों को भी इसका लाभ मिले। जिलाधिकारी ने बताया कि स्कूली बच्चे विद्यालय द्वारा निर्गत परिचय पत्र के साथ पुस्तकालय का उपयोग कर सकेंगे।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में भी शीघ्र एक पुस्तकालय के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर सामान्य शाखा की प्रभारी पदाधिकारी निधि भी उपस्थित रहीं।

