*मुजफ्फरपुर: सूर्य ग्रहण कल, आज रात सूतक लगने पर बंद होंगे मंदिरों के पट*
आषाढ़ कृष्ण अमावस्या रविवार को साल का पहला चूड़ामणी युक्त सूर्यग्रहण लगेगा। मुजफ्फरपुर में यह करीब तीन घंटे 32 मिनट की अवधि का होगा। ग्रहण के 12 घंटे पहले सूतक लग जाएगा। शनिवार रात में ही गरीबनाथ समेत विभिन्न मंदिरों के पट बंद कर दिये जाएंगे। जो ग्रहण की समाप्ति के बाद ही खुलेगा। गरीबनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी पं. विनय पाठक बताते है कि रात दस बजे मंदिर में पूजा-अर्चना व आरती होगी। इसके बाद पट बंद कर दिया जाएगा। ग्रहण की समाप्ति के बाद मंदिर दोपहर तीन बजे से खुलेगा। मंदिर की धुलाई व देवी-देवताओं को स्नान कराया जाएगा। वहीं लोग भी अपने घरों में स्नान कर दान-पुण्य करेंगे।
पं. प्रभात मिश्र, आचार्य भुवनेश्वर ओझा व चंदन उपाध्याय ने बताया कि मुजफ्फरपुर में ग्रहण का स्पर्श: सुबह 10:38 बजे प्रारम्भ होगा। ग्रहण का मध्य दोपहर 12 : 25 बजे व समाप्ति 2:10 बजे होगा। बताया कि सूतक काल में मंदिर में प्रवेश, मूर्ति स्पर्श, भोजन आदि के कार्य वर्जित है। बालक, वृद्ध व रोगी अत्यावश्यक फलाहार ले सकते है। ग्रहण के दौरान घर में रखे दूध, दही व घी आदि में कुश डाल देना चाहिए। ग्रहन काल आरम्भ होने से समाप्ति के मध्य की अवधि में मंत्र ग्रहण, मंत्रदीक्षा, जप, उपासना, पाठ, हवन, मानसिक जाप, चिंतन करना कल्याणकारी होता है। सूर्य ग्रहण अवधि में देव मूर्तियों को स्पर्श नहीं किया जाता है। सूतक समय के बाद स्वयं भी स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें व देवमूर्तियोम को स्नान करा कर, गंगाजल छिड़क कर, नवीन वस्त्र पहनाकर, देवों का श्रृंगार करना चाहिए

