बिहार: 7 सितंबर से पूरे राज्य में बंदिशें खत्म:कंटेनमेंट जोन छोड़कर पूरे राज्य से पाबंदियां हटेंगी; केंद्र सरकार की इजाजत के बिना नहीं होगा लॉकडाउन
कोरोना से बचाव के लिए बिहार में अनलॉक-3 की समय सीमा रविवार को पूरी हो गई। सोमवार से बिहार में बंदिशें खत्म हो जाएंगी। बिहार में भी अनलॉक-4 का वही आदेश लागू हो गया जो केंद्र सरकार ने 29 अगस्त को पूरे देश के लिए जारी किया है।
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने कहा कि बिहार में केंद्र सरकार का आदेश स्वतः लागू हो गया है। पहले यह व्यवस्था थी कि राज्य सरकार अपने स्तर से लॉकडाउन या अनलॉक को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर सकती थी। लेकिन, अनलॉक-4 को लेकर केंद्र द्वारा जारी नए आदेश में यह कहा गया है कि बिना केंद्र के आदेश के राज्य सरकार अब कोई नया आदेश जारी नहीं कर सकती। लिहाजा बिहार में नया आदेश लागू करने के लिए अब केंद्र सरकार से इजाजत लेनी होगी।
सुबहानी ने कहा कि बिहार में भी अनलॉक-4 लागू हो गया है। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने पाबंदियों के साथ अनलॉक-3 की समय सीमा को बढ़ा दी थी। यह 6 सितंबर तक लागू था जिसकी मियाद रविवार को पूरी हो गई। सोमवार से बिहार में अब केंद्र सरकार के अनलॉक-4 का आदेश लागू होगा।

