संवाददाता: साबिर अली
नेपाल के चितवन से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में आए गेंडे की मौत हो गई। गेंडे का शव गोनौली वन क्षेत्र के चंपापुर के पास मंगलवार को खेत में पड़ा मिला। मौत की सूचना पर सभी टाइगर रिजर्व के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर गेंडे की मौत के कारणों का पता करने में लगे हैं।
वाल्मीकि नगर वन संरक्षक डॉ. नेसमनी ने बताया, 'गेंडे की मौत के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। अधिकारी मौत के कारणों का पता कर रहे हैं। नेपाल से आया गेंडा 15 दिन पहले उत्तर प्रदेश की तरफ चला गया था। वहां पर इसकी एक्टिविटी बनी हुई थी। आज मौत की सूचना मिली है।
नेपाल के चितवन से 20 जनवरी को आया था गेंडा
20 जनवरी को नेपाल से आए गेंडे की मेहमानवाजी में पूरा VTR प्रशासन लगा था। आने के साथ ही गेंडा ने एक व्यक्ति को मारकर घायल भी कर दिया था। इसके बाद VTR से निकलकर UP के रिहायशी क्षेत्र में पहुंच गया था।
बगहा के चंपानर में मृत मिला गेंडा। इसकी जांच करने टीम पहुंची है।
बगहा के चंपानर में मृत मिला गेंडा। इसकी जांच करने टीम पहुंची है।
10 फरवरी को पहुंचा था UP
10 फरवरी को गेंडा खड्डा में कोहरगद्दी व दरबहा गंगाछापर गांव के सरेह में एक गन्ने के खेत में देखा गया था। यहां भी गन्ना काट रहे एक किसान को घायल कर दिया था। UP में गेंडे ने बहुत उत्पात मचाया था। जिसका एक वीडियो लोगों ने बना कर वायरल भी किया। इस वीडियो में गेंडा को लोग भगाते नजर आए।
पहले भी हुई है गेंडों की मौत
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में पहुंचे गेंडों को यहां के वन्य जीवों ने स्वागत किया। इस कारण हर साल उनके आने का सिलसिला शुरू हो गया, लेकिन कुछ कारणवश आने वाले गेंडों में कई की मौत VTR में हो चुकी है। 19 मई 2020 को वाल्मिकी नगर रेंज के भेड़ीहारी जंगल में चमईनिया पुल के पास एक गेंडा की मौत हुई थी। वहीं, 6 मार्च 2019 को इंडिया रीवन परिसर में एक गेंडा मृत मिला था। इस मौत का कारण गेहूं में डाले जाने वाले जहर से होने की संभावना जताई जा रही थी।
2011 में गेंडे का शव सड़े गले अवस्था में VTR के कक्ष संख्या 37 में मिला था। बताया जा रहा था कि तस्करों ने गेंडे को गोली मारकर हत्या कर दी। 2009 के अप्रैल में शाम 7 बजे के करीब जननायक एक्सप्रेस की चपेट में आकर एक गेंडे की मौत हो गई।
वहीं, 2006 में VTR से सटे नहर में दो गेंडे गिर गए थे। इनमें से एक की मौत हो गई थी। 2013-14 में एक गेंडा मालगाड़ी की चपेट में करीब एक किमी तक इंजन के साथ घसिटता हुआ गया और उसकी मौत हो गई थी।