संवाददाता: साबिर अली
पश्चिम चम्पारण के बेतिया पुलिस जिला अंतर्गत बेतिया पुलिस केन्द्र में शुक्रवार के करीब 10:30 बजे सिपाही संख्या 536 संजय कुमार सिंह ने अपने ही सर्विस पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर ली।
घटना पुराने सिपाही बैरक के पीछे खंडहरनुमा रसोई घर के पास की है। मृत सिपाही भोजपुर जिला के पवना थाना के पवार ग्राम का निवासी बताया गया है। मृत सिपाही की वर्ष 2012 में बिहार पुलिस में बहाली हुई थी। करीब डेढ़ साल पहले वो मोतिहारी से स्थानांतरित होकर बेतिया जिला आया था।
पुलिस केन्द्र में गोली चलने की आवाज सुनकर बैरक के सिपाही जब दौड़कर गोली चलने की दिशा में पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सिपाहियों ने तत्काल इसकी सूचना मेजर के के गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों को दिया। सूचना पाकर प्रभारी पुलिस अधीक्षक पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय आलोक कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर मुकुल परिमल पांडेय, अंचलाधिकारी बेतिया, मुफ्फसिल थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक उग्रनाथ झा, नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अवर निरीक्षक राणा प्रसाद सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच में जुट गए। मौके पर सीएफएल टीम को भी सूचना देकर उनके आने का इंतजार पदाधिकारी द्वारा किया जा रहा था।
वहीं मृत सिपाही के पैर के पास उसका सर्विस पिस्टल, चश्मा, शरीर से कुछ गज की दूरी पर गोली का खोखा और सिर के पास मोबाइल गिरा पाया गया है। वहीं प्रथम दृष्टया देखने से गोली बाएं कनपटी से लगकर दाएँ कनपटी से निकल गई थी। वहीं पुलिस ने अपराह्न 2 बजे सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है।
विदित हो कि विगत वर्षों में बेतिया पुलिस जिला अंतर्गत लगभग आधा दर्जन सिपाही से लेकर पुलिस पदाधिकारियों तक विभिन्न कारणों से मौत हो चुकी है।
