संवाददाता: साबिर अली
बगहा अनुमंडल अंतर्गत गंडक पार के ठकराहा प्रखंड स्थित गंडक नदी के जल स्तर में कमी के बाद जहाँ गंड़क नदी कुछ संवेदनशील बिन्दुओं पर रुक- रुककर कटाव कर रही है, तो वही खनन माफिया सक्रिय होकर नदी के संवेदनशील बिन्दुओं पर अवैध खनन को अंजाम देने में लग गये हैं। प्रखंड स्थित पीपी तटबंध के स्पर नं० चार के समीप डाउन स्ट्रीम में नदी से महज 100 मीटर की दुरी पर एक सप्ताह से बडे पैमाने पर खनन किया जा रहा है और स्थानीय प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है।
ग्रामीण हरीलाल यादव,संजीत कुमार, शैलेन्द्र राजभर, राबडी देवी, पानमती देवी, जय प्रकाश यादव, ब्रजकिशोर यादव आदि लोगों ने बताया कि हालिया बरसात में उक्त बिन्दु पर नदी का रुख काफी आक्रामक बना हुआ था। नदी का विकराल रुप देख कर ग्रामीण तटबंध की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित थे। वही पिछले वर्ष उक्त परिक्षेत्र मे बीना रोक टोक अवैध खनन को अंजाम दिया गया था, जिसका नतीजा हुआ कि इस बार नदी की धारा बदल गई और हरख टोला गांव के आधे से अधिक घर नदी में समाहित हो गये।
वही ग्रामीणों ने बताया कि खनन करने वालो का नाम सफेदपोश लोगों में शुमार किया जाता है, कई बार उक्त लोंगो से खनन रोकने को लेकर अपील किया गया। साथ ही स्थानीय अधिकारियों को भी अवैध खनन की सुचना दी गई, लेकिन अब तक कारवाई नही हुई, यही वजह है कि खनन माफिया निर्भीक हो कर मनमाने ढंग से अवैध खनन को अंजाम दे रहें हैं।ग्रामीणों ने जिला प्रशाशन से उक्त संवेदनशील बिन्दुओ से खनन को रोकने तथा तटबंध की सुरक्षा के मद्देनजर नियमाकुल कारवाई करने की मांग की है.
