संवाददाता: साबिर अली
नगर निगम की निवर्त्तमान सभापति गरिमा देवी सिकारिया के सौजन्य से ऐतिहासिक हजारीमल धर्मशाला में मस्तीचक, छपरा के अत्याधुनिक ‘अखंड ज्योति आंख अस्पताल’ की मेडिकल टीम द्वारा निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया। डॉ.उदय प्रसाद व डॉ. राज किशोर के नेतृत्व छपरा से पहुंची मेडिकल काउंसिलरों व सहायकों की टीम ने शुक्रवार को सुबह से शाम तक शिविर के लिए निबंधित 1053 नेत्र रोगियों की जांच व उपचार किया। इनमें से आधे से अधिक को विधिवत जांच के बाद दवा और चश्मा देकर घर वापस भेज दिया गया। वही 405 रोगियों की आंखों में मोतियाबिंद और ऑपरेशन वाले अन्य रोग पाये गये। इनके लिए अखंड ज्योति अस्पताल जाने वापस आने और अन्य खर्च गरिमा देवी सिकारिया द्वारा अपने निजी कोष से करने की जानकारी दी गई। इससे पूर्व इस निःशुल्क जांच शिविर का शुभारंभ गरिमा देवी सिकारिया द्वारा किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आदमी जिंदा रहने में सांस के बाद आंखें ही हमारी सबसे बड़ी जरूरत हैं। आंखों की रौशनी के बिना जीना बेहद मुश्किल है। श्रीमती सिकारिया ने कहा कि हमने बीते करीब एक माह के नगर निगम क्षेत्र भ्रमण के दौरान पाया कि बस्ती और मुहल्लों में दर्जनों बृद्ध और लाचार लोग आंखों की कमजोरी और बीमारी से परेशान हैं। जिसके बाद अपने परिवार से सहयोग लेकर अखंड ज्योति आंख अस्पताल से निःशुल्क मदद लेकर आज एक हजार से ज्यादा लाचार व गरीब नेत्र रोगियों का मुफ्त इलाज और ऑपरेशन कराना सुनिश्चित किया गया है।
