संवाददाता: साबिर अली
बेतिया। जिलाधिकारी, कुंदन कुमार ने कहा कि मद्य निषेध को लेकर सप्लाई चेन तोड़ने के लिए कारगर कार्रवाई की जाय। शराब पीने वाले, बिक्री करने वाले को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, नियमानुकूल कार्रवाई की जाय।
उन्होंने कहा कि मद्य निषेध को लेकर लगातार पेट्रोलिंग और गिरफ्तारी में तेजी लायी जाय। ड्रोन और डॉग स्क्वायड की सहायता से संवेदनशील स्थलों को चिन्हित करें और त्वरित गति से कारगर कार्रवाई करें। जिलाधिकारी समाहरणालय सभाकक्ष में शराबबंदी के निमित सभी कार्यों की समीक्षात्मक बैठक में अधिकारियों को निदेशित कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक, बेतिया, उपेन्द्र नाथ वर्मा ने कहा कि मद्य निषेध को लेकर गिरफ्तारी की संख्या बढ़ाई जाय। धारा-37 के तहत कारगर कार्रवाई किया जाय। पीने वाले को पकड़ने के बाद उसकी निशानदेही पर बेचने वाले को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शराब विनिष्टिकरण का प्रस्ताव ससमय भेजे और जब्त शराब का विनिष्टिकरण कराएं।
उन्होंने कहा कि ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से प्रतिदिन चिन्हित स्थलों पर प्रत्येक आने-जाने वालों की जाँच करायी जाय। संध्या 5 से 7 के बीच अनिवार्य रूप से जाँच करायी जाय। उन्होंने निदेश दिया कि संवेदनशील स्थलों के मुख्य मार्गों पर ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जाँच करायी जाय।
उन्होंने कहा कि वाहन राज्यसात से संबंधित पेंडिंग मामलों का प्रस्ताव तुरंत भेजे। मद्य निषेध को लेकर जब्त वाहनों का डिटेल अविलंब विधि शाखा एवं उत्पाद कार्यालय को भेजना सुनिश्चित किया जाय। थाना प्रभारी, सर्किल इंस्पेक्टर, एएलटीएफ के प्रभारी पूरी तरह से मुस्तैद होकर मद्य निषेध को लेकर कार्रवाई करेंगे और नियमित अनुश्रवण करेंगे।
पुलिस अधीक्षक, बगहा, किरण कुमार गोरख जाधव में निदेश दिया कि सभी थाना प्रभारी, एएलटीएफ के प्रभारी मद्य निषेध को लेकर लगातार छापेमारी एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित करेंगे। शराब बरामदगी के बड़े मामलों में तुरंत अनुसंधान करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जाय।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, बेतिया, उपेन्द्र नाथ वर्मा, पुलिस अधीक्षक, बगहा, किरण कुमार गोरख जाधव, अपर समाहर्ता, अनिल राय, प्रबंधक, बेतिया राज, विनोद कुमार सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, एसएचओ आदि उपस्थित रहे।
