विनोद जायसवाल जिला ग्रैपलिंग कुश्ती कमिटी के अध्यक्ष मनोनीत, राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता शशिकांत को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित। पूर्वी चम्पारण जिला ग्रैपलिंग कुश्ती कमिटी का आज विस्तार किया गया। हवाई अड्डा चौक,मोतिहारी में आज पूर्वी चम्पारण जिला ग्रैपलिंग कुश्ती कमिटी के निदेशक रमेश कुमार उर्फ भोलाजी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से खेलप्रेमी विनोद जायसवाल को पूर्वी चम्पारण जिला ग्रैपलिंग कमिटी का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। जबकि कोषाध्यक्ष भोला महतो,उपाध्यक्ष धीरज शर्राफ, विजय साह,संयुक्त सचिव प्रियंका नागवंशी एवं कार्यकारिणी सदस्य जय भगवान महतो को मनोनीत किया गया। साथ हीं साथ जिला ग्रैपलिंग कुश्ती के तकनीकी समिति के चेयरमैन दीपक सिंह कश्यप एवं रेफरी बोर्ड के चेयरमैन पवन कुमार को बनाया गया है।
पूर्वी चम्पारण जिला ग्रैपलिंग कुश्ती कमिटी के नव मनोनीत अध्यक्ष विनोद जायसवाल ने कहा कि शीघ्र हीं जिला ग्रैपलिंग कमिटी से अधिकाधिक खेलप्रेमियों को जोड़ा जायेगा। ग्रैपलिंग कुश्ती खेल को खेलप्रेमियों के सहयोग से जिला में विकसित व लोकप्रिय बनाया जायेगा। जिला के ग्रैपलिंग कुश्ती खिलाड़ियों को खेल के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। आगामी जुलाई माह के अंतिम सप्ताह में जिलास्तरीय ग्रैपलिंग कुश्ती प्रतियोगिता ( पुरूष एवं महिला ) का आयोजन किया जायेगा।
ग्रैपलिंग कुश्ती के राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता पूर्वी चम्पारण के खिलाड़ी शशिकांत सिंह को पूर्वी चम्पारण के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने आज मोतिहारी में अपने कार्यकाल कक्ष में सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्वी चम्पारण जिला ग्रैपलिंग कुश्ती कमिटी के अध्यक्ष विनोद जायसवाल सहित कमिटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। ज्ञातव्य हो कि गत वर्ष नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ग्रैपलिंग कुश्ती में मोतिहारी,पूर्वी चम्पारण के शशिकांत सिंह ने बिहार के लिए पहला स्वर्ण पदक जीते थे।



