पूर्वी चंपारण मोतिहारी/The Royal News Express.
रिपोर्ट:- दिग्वेंद्र सिंह।
मोतिहारी:- पूर्व केंद्रीय मंत्री सह राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी बिहार यात्रा के दौरान मोतिहारी में कार्यकर्ताओं और जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कुशवाहा ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार की राजनीति और आगामी चुनावों पर अपने विचार साझा किए। जनसभा में कुशवाहा ने विपक्षी दलों, विशेष रूप से राजद और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले के दिनों में बिहार अपराध और भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुका था। अपहरण के बाद फिरौती की रकम "एक अन्ने मार्ग" पर तय होती थी। उन्होंने कहा कि अगर उस दौर की सरकार फिर से सत्ता में आई, तो बिहार का विकास रुक जाएगा और राज्य पीछे चला जाएगा। उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास योजनाओं और प्रशासन की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार ने प्रगति की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत करें। कुशवाहा ने दावा किया कि एनडीए 2025 में सरकार बनाएगा और 225 से अधिक सीटें जीतेगा। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला अध्यक्ष ई. रमेश कुमार पासवान ने बताया कि उपेंद्र कुशवाहा की यह यात्रा कार्यकर्ताओं और जनता के बीच उत्साह भरने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस जनसभा से एनडीए के कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उपेंद्र कुशवाहा की यह यात्रा बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में एक नई दिशा देने के संकेत दे रही है। उनके वक्तव्यों ने कार्यकर्ताओं को 2025 के चुनावों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
