सुरक्षा और प्रबंधन पर जोर
परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचार रहित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक प्रबंध किए हैं। इस संबंध में डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभा भवन, मोतिहारी में एक संयुक्त ब्रीफिंग का आयोजन किया गया, जिसमें प्रभारी जिला पदाधिकारी श्री मुकेश कुमार सिंहा ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सुरक्षा और विधि व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों पर धारा 144 लागू
परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्रों के आस-पास धारा 144 लागू रहेगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कोई भीड़ न लगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात होंगे। इसके अतिरिक्त, गश्ती दल और जोनल मजिस्ट्रेट की टीम भी क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करेगी और फोटो स्टेट दुकानों पर नजर रखेगी।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी उपाय
परीक्षार्थियों की सुरक्षा और परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल जैमर और सीसीटीवी कैमरा लगाने का आदेश दिया गया है। सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी ली जाएगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय परीक्षार्थियों की तलाशी ली जाएगी और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल, ब्लूटूथ, पेजर या घड़ी लाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षार्थियों के लिए समयसीमा तय
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में 9:30 AM से प्रवेश की अनुमति होगी। परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटे पहले अर्थात 11:00 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों में मीडिया कर्मियों और अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर तैनात दंडाधिकारी और वीक्षक के पास मोबाइल फोन नहीं रहेगा।परीक्षा के दिन सुबह से लेकर परीक्षा की समाप्ति तक 06252-242418 पर जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा, जहां परीक्षार्थी और संबंधित अधिकारी किसी भी प्रकार की सहायता प्राप्त कर सकते हैं।इस ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त श्री शंभू शरण पांडे, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्वेता भारती, अनुमंडल पदाधिकारी सीकरहना निशा ग्रेवाल और जिलाधिकारी के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अमरेश कुमार भी मौजूद थे।


