बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो रही है, जो 25 जून तक जारी रहेगी। हालांकि, अभी तक बिहार की किसी भी राजनीतिक पार्टी ने अपने एमएलसी प्रत्याशियों के नाम का ऐलान नहीं किया है। विधान परिषद के लिए 6 जुलाई को चुनाव होने हैं।
- बिहार की 9 विधान परिषद सीटों पर 6 जुलाई को चुनाव
- MLC प्रत्याशी 25 जुलाई तक कर सकेंगे अपना नामांकन
बिहार में विधायकों के द्वारा चुनी जाने वाली विधान परिषद (एमएलसी) की 9 सीटों पर 6 जुलाई को होने वाले चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो रही है। इस तरह से एमएलसी कैंडिडेट 25 जून तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। हालांकि, अभी तक बिहार की किसी भी राजनीतिक पार्टी ने अपने एमएलसी प्रत्याशियों के नाम का ऐलान नहीं किया है।
कोरोना संकट के बीच बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर गुरुवार से अधिसूचना जारी होगी।प्रत्याशी अपना नामांकन 18 जून से 25 जून तक करा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 26 जुलाई से होगी जबकि नाम लेने की अंतिम तारीख 29 जून है।विधान परिषद के लिए वोटिंग 6 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगी और उसी दिन शाम को नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।कोरोना संक्रमण के चलते चुनाव आयोग ने विधान परिषद के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया से लेकर वोटिंग तक के लिए कई दिशा निर्देश जारी किए हैं। प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान भीड़-भाड़ ना हो इसलिए उम्मीदवारों को एक साथ बुलाने की बजाय अलग समय पर उन्हें अपना नॉमिनेशन दाखिल करने जाना होगा।इसके अलावा सोशल डिसटेंसिंग सैनिटाइजेशन जैसी चीजों का विशेष ध्यान रखना होगा।
किसके हिस्से में कितनी सीटें आएंगी
विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले विधान परिषद के चुनाव को सेमीफाइनल माना जा रहा है। 9 एमएलसी सीटें विधानसभा सदस्यों की संख्या के आधार पर चुनी जानी हैं। ऐसे में एक विधान परिषद के लिए 27 विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। इस तरह से तीन आरजेडी और एक कांग्रेस का सदस्य चुना जाना तय है। इसके अलावा तीन सीटें जेडीयू और दो सीटें बीजेपी के खाते में जा सकती हैं जबकि, अभी तक ये सभी सीटें बीजेपी-जेडीयू गठबंधन के पास थीं।
इन नेताओं का कार्यकाल पूरा
नीतीश सरकार में मंत्री अशोक चौधरी विधायक कोटे से एमएलसी चुनकर आए थे। विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रसीद भी विधायक कोटे से एमएलसी चुनकर आए हैं। इसके अलावा हीरा प्रसाद बिंद, पीके शाही, सतीश कुमार, सोनेलाल मेहता, कृष्ण कुमार सिंह, राधामोहन शर्मा और संजय प्रकाश का कार्यकाल मई के पहले सप्ताह में पूरा हो गया है।
