रघुवंश प्रसाद सिंह का पार्थिव शरीर रविवार शाम 4 बजे एम्स से नई दिल्ली एयरपोर्ट ले जाया गया। यहां से शाम 5.30 बजे इंडिगो की फ्लाइट से पटना ले जाया गया। उनका पार्थिव शरीर पटना एयरपोर्ट से 143 MLA कॉलोनी कौटिल्य नगर ले जाया जाएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का पार्थिव शरीर रविवार शाम पटना एयरपोर्ट पहुंचा. एयरपोर्ट पर रघुवंश प्रसाद सिंह के परिजन पहले से मौजूद थे. एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता भी पहुंचे थे लेकिन रघुवंश प्रसाद सिंह के परिजनों ने उन्हें श्रद्धांजलि देने से रोक दिया.
रघुवंश प्रसाद सिंह का पार्थिव शरीर रविवार शाम 4 बजे एम्स से नई दिल्ली एयरपोर्ट ले जाया गया। यहां से शाम 5.30 बजे इंडिगो की फ्लाइट से पटना ले जाया गया। उनका पार्थिव शरीर पटना एयरपोर्ट से 143 MLA कॉलोनी कौटिल्य नगर ले जाया जाएगा। यहां कौटिल्य नगर में ही रात्रि ठहराव का कार्यक्रम है। रविवार शाम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में रघुवंश प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी समेत और भी नेता मौजूद रहे।
सोमवार का कार्यक्रम
सोमवार को 9:30 बजे पटना स्थित कौटिल्य नगर से रघुवंश प्रसाद सिंह के पार्थिव शरीर को हाजीपुर-लालगंज बाजार होते हुए वैशाली गढ़ ले जाने का कार्यक्रम है। यहां पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। वहां से हाजीपुर और जढुआ बाजार होते हुए उनके पैतृक आवास पानापुर पहेमी (शाहपुर) के लिए यात्रा शुरू होगी।
दिल्ली में निधन
अभी हाल में तबीयत खराब होने के बाद रघुवंश प्रसाद सिंह को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। वे एम्स के आईसीयू में भर्ती थे। दो दिन पहले उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। सांस लेने में परेशानी होने की बात सामने आई थी जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।इलाज के दौरान ही रविवार को उनका निधन हो गया।
राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रघुवंश प्रसाद सिंह के बेटे सत्यप्रकाश सिंह से फोन पर बात कर उन्हें सांत्वना दी।मुख्यमंत्री ने ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राजकीय सम्मान के साथ रघुवंश प्रसाद सिंह का अंत्येष्टि कराना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कोरोना महामारी को देखते हुए लागू दिशा-निर्देश के तहत निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
वैशाली में हुआ था जन्म
रघुवंश प्रसाद सिंह का जन्म 6 जून 1946 को वैशाली के शाहपुर में हुआ था। वे राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में उपाध्यक्ष के पद पर थे। वे साल 1977 से लगातार राजनीति में सक्रिय रहे। वे लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी थे। लगातार चार बार वैशाली से सांसद बनने के अलावा रघुवंश प्रसाद यूपीए सरकार में मंत्री पद भी संभाल चुके थे।
