संवाददाता: साबिर अली
हर हाल में आवेदकों को योजनाओं का ससमय लाभ दिलाएं।
डीआरसीसी में स्थापित आधारभूत संरचना एवं कम्प्यूटर आदि रखें अपडेट रखने सहित साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने का निदेश।
जिलाधिकारी द्वारा डीआरसीसी (जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र) का किया गया औचक निरीक्षण।
आवेदक छात्र-छात्राओं सहित उनके अभिभावकों से की बातचीत।
बेतिया। जिलाधिकारी, कुंदन कुमार द्वारा आज डीआरसीसी (जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र) का औचक निरीक्षण किया गया। इस क्रम में डीआरसीसी अवस्थित विभिन्न काउंटरों एवं अधिकारियों के कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न कार्य को लेकर डीआरसीसी में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से बातचीत की गयी तथा छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन भी किया गया। निरीक्षण के क्रम में विभिन्न छात्र-छात्राओं द्वारा बतायी गयी समस्याओं का त्वरित गति से निराकरण भी करने का निदेश प्रबंधक, डीआरसीसी को दिया गया।
जिलाधिकारी ने जिला योजना पदाधिकारी, प्रबंधक, डीआरसीसी को निदेश दिया गया कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम का लाभ लेने वाले लाभुकों को किसी भी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाय। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाय तथा समुचित मार्गदर्शन दिलाना सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि आवेदक छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं को सूचिबद्ध करते हुए वरीय अधिकारियों से विचार-विमर्श करने के उपरांत उसका त्वरित गति से निराकरण किया जाय ताकि आवेदकों को ससमय विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके।
तदुपरांत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न हुयी। समीक्षात्मक बैठक में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम की गहन समीक्षा जिलाधिकारी द्वारा की गयी।
जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि विभागीय दिशा-निर्देश के आलोक में उक्त योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लायी जाय ताकि आवेदकों को योजनाओं का ससमय लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार तथा जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में काउंसेलिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाय।
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वितीय वर्ष 2021-22 में मिले लक्ष्य के विरूद्ध 80 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल कर ली गयी है। शेष लक्ष्य शीघ्र ही हासिल कर लिया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यह अत्यंत ही महत्वाकांक्षी योजना है। इसके क्रियान्वयन में तनिक भी लापरवाही एवं कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने निदेश दिया कि एमजेके कॉलेज, आरएलएसवाई कॉलेज, जीएमसीएच, पोलटेक्निक कॉलेज, जीएनएम कॉलेज सहित अन्य कॉलेजों में कैम्प लगाकर निर्धारित लक्ष्य को ससमय पूर्ण करें। उन्होंने निदेश दिया कि लंबित मामलों का निष्पादन हर हाल में अविलंब कराना सुनिश्चित करें अन्यथा संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी।