संवाददाता: साबिर अली
बगहा के रामनगर प्रखंड स्थित कठसिकरी गांव के समीप दोन कैनाल नहर में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। किशोर की पहचान गोबरहिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया दोन निवासी रामाशीष महतो के पुत्र आशीष कुमार (16) के रूप में हुई। युवक हरनाटांड़ में रहकर पढ़ता था। घटना सोमवार रात की है। युवक मंगलवार को कान दर्द का बहाना बनाकर स्कूल से छुट्टी लेकर निकला था। युवक ने बताया था कि कान दर्द है, दादा जी आए हैं उनके साथ दिखाने जाना है। जिसके बाद अपने किसी दोस्त से बाइक लेकर घर के लिए निकल गया। लेकिन, रास्ते में पुल के अंदर गिर गया। जिसके बाद पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। बुधवार की सुबह 10 से 11 बजे के करीब जब इस रास्ते से लोग आने जाने लगे तो किसी ने घटना स्थल पर पड़ी बाइक को देखा। जिसकी सूचना रामनगर थाना को दी गई। जहां गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस पुल पर पूर्व में भी दो लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा कई लोग इसमें गिरकर घायल हो चुके हैं।
घर का था इकलौता चिराग
आशीष के पिता रामाशीष महतो सीमा सुरक्षा बल के 71वीं बटालियन मोतिहारी में हवलदार के पद पर तैनात हैं। घटना की सूचना मिलते ही पूरे घर में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे की मौत से उसकी मां का रो रोकर बुरा हाल है। सदमे के कारण बार बार मां बेहोश हो रही है। मां बार बार यही कह रही थी, आखिर में लाल को क्या हो गया। मेरे घर का चिराग कहां चला गया। परिजनों ने बताया कि आशीष दो बहन के बीच में एक भाई था।
टूटा रेलिंग बना मौत का कारण
जहां पर हादसा हुआ है वह पुल काफी पुराना है। पुल के दोनों तरफ ही रेलिंग टूट चुकी है। सड़क का मोड़ उस पुल के तरफ अधिक है। जिससे आय दिन हादसे के शिकार हो रहे हैं। रात में अचानक बिना रेलिंग के पुल के पास आकर अपना संतुलन खो दिया। जिससे उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई।