संवाददाता: साबिर अली
बगहा में जंगली भैंसा ने एक व्यक्ति को मार डाला, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन कर रही। वन विभाग के अनुसार लौकरिया थाना के बसंतपुर में जंगली भैंसो ने एक व्यक्ति पर किया हमला। भैंसों के हमले से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान लौकरिया निवासी हेमलाल महतो (75) के रूप में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अपने खेतों की तरफ पानी पटाने के लिए गया था। तभी दो जंगली भैंसों ने उस पर हमला बोल दिया।
लोगों ने किया सड़क जाम
इस घटना के बाद महिलाओं सहित सैकड़ों स्थानीय लोग हिंसक हो गए। लोगों ने इस घटना के लिए पूरी तरह से वन अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। भीड़ ने वन अधिकारियों पर आस-पास के जंगलों से वन्यजीवों को मानव बस्तियों और गांवों में प्रवेश करने से रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया। गुस्साए ग्रामीण लौकरिया पुल पर शव को रखकर प्रदर्शन करने लगे। लौकरिया थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि लोगों को समझा कर जाम हटवाने का काम किया जा रहा।
झुंड से बिछड़ गए हैं भैंसा
हर्नाटांड़ वन क्षेत्र अधिकारी रमेश प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि जंगली भैंसा के मारने से उक्त व्यक्ति की मौत हुई। मृतक के परिजनों को वन विभाग से मुआवजा दिलवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हर्नाटांड़ वन क्षेत्र में भैंसों की झुंड देखी जाती है। फिलहाल हर्नाटांड़ बाजार के पास एक भैंसा को देखा जा रहा है। वही दो लौकरिया पुल के समीप भैंसा देखे गए हैं। इससे जाहिर होता है कि झुंड से बिछड़ने के कारण वह सब पैनिक हो गए हैं। इन्हें रेस्क्यू कर जंगल की तरफ ले जाने का काम किया जा रहा है।