संवाददाता: साबिर अली
बेतिया के नरकटियागंज मे चाइल्ड लाइन व शिकारपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पोखरा चौक के समीप से चार बाल मजदूरों को मुक्त कराया है। चाइल्ड लाइन के निदेशक शंभू नाथ मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली थी कि नरकटियागंज में कतिपय ठेकेदार नाबालिग बच्चों से बाल मजदूरी करा रहे हैं।
सूचना पर चाइल्ड लाइन सब सेंटर व प्रथम संस्था के द्वारा शिकारपुर पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गई। छापेमारी में पोखरा चौक के समीप एक दुकान से चारों बाल मजदूर रद्दी की ख़रीददारी करते पकड़े गए। चारो बाल मजदूर नरकटियागंज के ही निवासी है। बाल मजदूरों को मजदूरी के लिए दिए गए दो ठेला को भी जब्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि बच्चों से मजदूरी कराना कानूनन अपराध है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में बाल मजदूरों ने खुलासा किया है कि देवी स्थान मुहल्ला के सूरज कुमार नामक ठेकेदार द्वारा ठेला देकर उनसे बाल मजदूरी कराया जा रहा था। उक्त ठेकेदार के विरुद्ध बाल श्रम अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। समन्वयक अरविंद कुमार पांडे व शिकारपुर थाना के बाल कल्याण पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार मांझी ने बताया कि बच्चों से बाल मजदूरी कराने वाले ठेकेदार द्वारा जबरन बाल मजदूरी कराने की बात सामने आई है।
जांच पड़ताल के बाद ठेकेदार की गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी बाल मजदूरों की उम्र 14 साल से नीचे है। उन्होंने बताया कि सभी बाल मजदूरों को सीडब्ल्यूसी कोर्ट भेजा जा रहा है। आदेश के बाद सभी बच्चों को बाल गृह भेज दिया जाएगा।मौके पर चंदन कुमार गौतम, शुभम कुमार , मीतू कुमार पाठक आदि मौजूद रहे।