संवाददाता: साबिर अली
बेतिया में बुधवार के दिन हार्ट अटैक से मद्य निषेध के प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार की मौत हो गई है। बुधवार की दोपहर बेतिया जीएमसीएच अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। बता दें कि इंस्पेक्टर अनिल कुमार बक्सर जिले के रहने वाले थे। वे मद्य निषेध प्रभारी के पद पर बेतिया में कार्यरत थे।
बुधवार को अचानक उनकी तबीयत खराब हुई। पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें इलाज के लिए आनन-फानन में बेतिया जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर अनिल कुमार बेतिया के मुफस्सिल थाना परिसर के सरकारी क्वार्टर में परिवार के साथ रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
बता दें कि विगत 17 मार्च को मुफस्सिल थाने के दारोगा निरंजन कुमार की ब्रेन हेमरेज से पटना में मौत हो गई थी। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था। अभी पुलिस पदाधिकारी इस शोक से उबरे भी नहीं थे कि इंस्पेक्टर अनिल कुमार की मौत की खबर ने सभी को मर्माहत कर दिया है।