संवाददाता: साबिर अली
बेतिया के एक मजदूर की हरियाणा में शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वो काम कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। शनिवार को उसका शव बेतिया लाया जाएगा।
मृतक की पहचान बेतिया जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र के महना पंचायत के बरवाचाप गांव निवासी रामनारायण शाह के छोटे बेटे दिलीप के रूप में हुई है। दिलीप हरियाणा के यमुनानगर में रहकर मजदूरी करता था। दिलीप 6 माह पूर्व ही हरियाणा गया था।
इधर, दिलीप की मौत की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसा बाइक से वापस घर आने के दौरान हुआ। दिलीप चार भाइयों में सबसे छोटा था।
दिलीप की शादी 6 साल पहले बेतिया के बैरिया थाने के पखनाहा गांव की उषा कुमारी से हुई थी। दिलीप के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। बड़ी बेटी की उम्र 5 वर्ष, दो बेटे 3 और 1 साल के हैं।