संवाददाता: साबिर अली
बेतिया में शनिवार की सुबह गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल गेट के पास अपराधियों ने चाकू के बल पर मेडिकल कॉलेज की छात्रा से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने छात्रा से चाकू की नोक पर पर्स, मोबाइल फोन, टैब व नगद 5 हजार रुपये लूट लिए है। घटना की सूचना पर बेतिया नगर पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। हालांकि इस मामले में पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
बता दें कि मेडिकल कॉलेज की छात्रा अनामिका शर्मा कोलकाता के 28 परगना चकला ठाकुर तल्ला की रहने वाली है। वह अपने घर कोलकाता से मेडिकल कॉलेज बेतिया आ रही थी। मेडिकल कॉलेज की छात्रा अनामिका शर्मा ट्रेन से बेतिया रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद शनिवार की अहले सुबह करीब 4:45 बजे शीतला माई स्थान के पास पहुंची। वहां पहले से एक बदमाश खड़ा था। जो चेहरा छिपाने के लिए कपड़े से अपना मुंह बांधे था। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास थी। चाकू के बल पर छात्रा से लूटपाट करने लगा।
छात्रा के द्वारा शोर मचाने पर छात्रा का सामान छीन लिया। चाकू से छात्रा पर वार भी किया, लेकिन वह बच गई। घटना को अंजाम देकर अपराधी बेतिया के बड़ा रमना की ओर फरार हो गया। इसके बाद छात्रा ने घटना की जानकारी प्राचार्य को दी। प्राचार्य ने बेतिया नगर थानाध्यक्ष को फोन कर पूरे मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस एक्टिव हो गई और अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस नगर के नौरंगाबाग सहित कई इलाके में छापेमारी की। हालांकि पुलिस का हाथ खाली है। वही नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार भास्कर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह करतूत स्मैक का नशा करने वाले किसी युवक का प्रतीत हो रहा है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।