संवाददाता: साबिर अली
पश्चिम चम्पारण जिलाधिकारी, कुंदन कुमार ने कहा कि कुपोषित बच्चों के ईलाज के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन हर प्रयास कर रही है ताकि उनको समुचित उपचार एवं पोषण देकर स्वस्थ किया जा सके। नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में 20 बेड वाला पोषण पुनर्वास केन्द्र में कुपोषित बच्चों के समुचित उपचार एवं उनके पोषण के लिए सभी व्यवस्थाएं अपडेट रखी जाय। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही एवं कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए अच्छे तरीके से पोषण पुनर्वास केन्द्र का संचालन कराना सुनिश्चित किया जाय। साथ ही सरकार की ओर से कुपोषित बच्चों एवं उनके माता-पिता को दी जाने वाली आर्थिक सहायता वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। लाभुकों को हर हाल में नियत सहायता राशि अवश्य मिलनी चाहिए। जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में अधिकारियों को निदेशित कर रहे थे।