संवाददाता: साबिर अली
बेतिया में खेत की डरेर को लेकर लोग एक दूसरे के खून के प्यासे हो गए। डरेर से आने जाने के विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हो गया जिसमें तीन महिला समेत 8 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। दो की स्थिति गंभीर है। डॉक्टर ने उन्हें पटना रेफर कर दिया है। घटना श्रीनगर थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव की है।
बताया जा रहा है कि भवानीपुर के सरल यादव का पुत्र विजय यादव के खेत में चला गया था जिसको लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर टूट पड़े। गली गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में तब्दील हो गया। इस झड़प में दोनों तरफ के 8 लोग घायल हुए है जिसमें तीन महिलाएं भी शामिल है।
हालांकि, दोनों पक्ष एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस दोनों के बयान पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।