संवाददाता: साबिर अली
जवाहर नवोदय विद्यालय पश्चिम चम्पारण के प्राचार्य मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि विद्यालय में सत्र 2022-23 हेतु कक्षा 6 में प्रवेश के लिए परीक्षा 30 अप्रैल को निर्धारित है। जिसके लिए विद्यालय स्तर पर सारी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्राचार्य मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि कुल 80 सीटों के लिए पूरे पश्चिम चम्पारण जिले से कुल 3933 विद्यार्थियों ने आॅनलाइन आवेदन किया है। परीक्षा का आयोजन 30 अप्रैल को 11.30 बजे से 1.30 बजे तक होना है। लेकिन परीक्षार्थियों को 10.30 बजे परीक्षा केंद्र पर आना अनिवार्य होगा।
विद्यालय के विज्ञान शिक्षक विश्वमोहन प्रसाद ने बताया कि परीक्षार्थी अपना प्रवेश पत्र नवोदय विद्यालय समिति के वेबसाइट से आॅनलाइन डाउनलोड कर लें तथा प्रवेश पत्र पर सम्बन्धित विद्यालय के प्रधानाध्यापक का हस्ताक्षर एवं मुहर अनिवार्य है। साथ में परीक्षा भवन में प्रवेश पत्र की दो काॅपी लाना होगा। एक काॅपी परीक्षा भवन में जमा हो जाएगी।
विद्यालय के जीव- विज्ञान शिक्षक अजय कुमार ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रवेश परीक्षा के लिए पूरे पश्चिम चम्पारण जिले के लिए बेतिया में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जिसमें बिपिन हाई स्कूल बेतिया, राज सीनियर सेकेंडरी स्कूल बेतिया, आमना उर्दू सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेतिया, राज्य सम्पोषित कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेतिया, नेशनल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेतिया, के. आर. हाई स्कूल, बेतिया, आदर्श विपिन मध्य विद्यालय, बेतिया एवं आलोक भारती शिक्षण संस्थान बेतिया कुल 8 परीक्षा केन्द्र हैं। जहाँ छात्रों को परीक्षा समय से पहले उपस्थित हो जाना है ताकि वो नियत समय से अपना परीक्षा अनुकूल वातावरण में सरलता पूर्वक दे सकें।
