संवाददाता: साबिर अली
लौरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत 7 अप्रैल को कोल्ड ड्रिंक से भरी ट्रक लूट कांड के मामले में पुलिस ने लूट कांड में शामिल आधा दर्जन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार को भी बरामद कर लिया है।
उक्त जानकारी देते हुए बेतिया पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि विगत 7 अप्रैल को लोरिया थाना क्षेत्र से कोल्ड ड्रिंक से भरे ट्रक को लूट लिया गया था। इस मामले में ट्रक चालक मालिक मानवेंद्र सिंह ने लौरिया थाने में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध एक एफ आई आर दर्ज कराया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन रक्सौल थाना क्षेत्र से लूटी गई ट्रक एवं भंगहा थाना क्षेत्र से कोल ड्रिंक बरामद कर लिया था। लेकिन कांड में शामिल अज्ञात लुटेरे पुलिस पकड़ से बाहर थे।
वहीं लुटेरों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा नरकटियागंज एसडीपीओ कुंदन कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर लुटेरों को चिन्हित कर गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया। टीम द्वारा अनुसंधान के क्रम में एवं गुर्जरों के सहयोग से लूट कांड में शामिल कुल 5 अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और कांड में प्रयुक्त कार व स्कार्पियो के साथ तीन मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार अपराधियों में चौतरवा थाना के मझौवा निवासी अनिल कुमार 25 वर्ष पिता मकसुदन साह, नरकटियागंज के नंदपुर दिउलिया के कुंदन कुमार सहनी 32 वर्ष, चंदन कुमार सहनी 35 वर्ष दोनों पिता विक्रमा सहनी, रत्नेश कुमार सहनी, 34 वर्ष, पिता योगी सहनी एवं नरकटियागंज के ही शिवगंज चौक के अजीत सिंह 26 वर्ष पिता शशिवंश नारायण सिंह हैं।
टीम में पुलिस निरीक्षक, शिकारपुर, लौरिया थानाध्यक्ष विनोद कुमार, साठी थानाध्यक्ष उदय कुमार और लौरिया थाना के सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार मांझी सम्मिलित रहें।
