संवाददाता: साबिर अली
बगहा, 22जून। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार के निदेश के आलोक में जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार ने अनुमोदित योजना के तहत अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए 480 आसन वाले एकलव्य मॉडल आवासीय उच्च विद्यालय का निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिलाधिकारी, कुंदन कुमार ने एकलव्य मॉडल आवासीय उच्च विद्यालय के लिए भूमि उपलब्धता की समीक्षा की है।
समीक्षा दौरान अपर समाहर्ता, पश्चिम चम्पारण ने बताया कि बगहा-02 अंचल के खरहट में 15 एकड़ भूमि को चिन्हित करके भूमि हस्तानांतरण की अंतिम प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भूमि जल स्रोतों से या भूमि सैरात, भू-दान, भू-हदबंदी, मंदिर, मस्जिद एवं अन्य विवादों से प्रभावित नहीं है। उल्लेखनीय है कि 480 आसन वाले एकलव्य मॉडल आवासीय उच्च विद्यालय के निर्माण होने से इस क्षेत्र के जनजातीय छात्र-छात्राओं को अत्यधिक फायदा होगा और वे उच्च विद्यालय तक की पढ़ाई उक्त विद्यालय के माध्यम से कर सकेंगे। इससे जनजातीय वर्ग के बच्चों का शैक्षणिक विकास होगा और भविष्य उज्जवल होगा।
मौके पर उप विकास आयुक्त, अनिल कुमार, अपर समाहर्ता, नंदकिशोर साह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
