संवाददाता: साबिर अली
बगहा।राष्ट्रीय पथ बगहा - बेतिया 727 स्थित महादलित बस्ती बहुअरवा गांव में मंगलवार की सुबह बेतिया के तरफ से आ रही अनियंत्रित ब्रेजा कार एक घर में घुसकर नव लोगों को कुचल डाली, जिसमें आठ बच्चें और एक वृद्ध महिला शामिल हैं। घटनास्थल पर ही तीन बच्चों की मौत हो गयी और बाकी बच्चों को उपचार के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहाँ प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहीं मृतकों के शव को अंत्यपरीक्षण कराने के लिए पुलिस ने अनुमंडलीय अस्पताल बगहा लाया। मृतकों में नीरज 8 वर्ष, करिश्मा 7 वर्ष तथा मतीसरा शामिल हैं। दुर्घटना में जख्मी नीतीश 6 वर्ष, प्रियंका 4 वर्ष, गौरी डेढ़ वर्ष तथा सोहन 8 वर्ष का नाम शामिल हैं।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। हादसे के तुरंत बाद लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में चीखपुकार मच गयी। मौके पर चौतरवा थाना की पुलिस पहुंच कर मामले को शांत कराने के लिए मशक्कत करने लगी। पुलिस कार चालक और उसके मालिक के बारे में जानकारी लगाने में जुटी रही। घटना की सुचना पर पहुंचे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगहा कैलाश प्रसाद व चौतरवा थानाध्यक्ष सुरेश कुमार यादव काफी मशक्कत के बाद गुस्साए लोगों को शांत कराने में सफल रहें, इसके बावजूद भी लोगों मे काफी आक्रोश दिखा। चौतरवा थानाध्यक्ष सुरेश कुमार यादव ने बताया कि कार चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार चालक की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के ब्लॉक रोड़ नरकटियागंज निवासी उमाशंकर प्रसाद के पूत्र सोनु कुमार 29 वर्ष के रुप में की गई है, जो विस्कोमान भवन पटना में कार्यरत हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगहा कैलाश प्रसाद ने बताया कि मृतक के परिजनों को सरकारी स्तर से आपदा प्रबंधन विभाग से लाभ दिलाया जायेगा। हिन्दुस्थान समाचार /अरविंद
