संवाददाता: साबिर अल्ली
पश्चिम चम्पारण के जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक, बेतिया, उपेन्द्र नाथ वर्मा के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था हेतु लगातार फ्लैग मार्च किया गया। साथ ही जिले के सभी अनुमंडल मुख्यालयों, प्रखंड मुख्यालयों सहित अन्य जगहों पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार फ्लैग मार्च, पेट्रोलिंग करते रहे। वहीं तोड़फोड़ में शामिल उप्रदवियों की गिरफ्तारी हेतु सघन छापेमारी की जा रही है। छापेमारी के दौरान जिले के विभिन्न जगहों से दोषी उप्रदवियों को चिन्हित करते हुए दो दर्जन से अधिक की गिरफ्तारी की गई है तथा अन्य दोषियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न चौक-चौराहों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस दंडाधिकारी एवं पुलिस फोर्स से फीडबैक भी लिया गया तथा शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि छोटी-छोटी बातों की जानकारी वरीय अधिकारी, कंट्रोल रूम को तुरंत दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी, कुंदन कुमार ने कहा कि विधि-व्यवस्था संधारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। इसमें व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जा रही है। वरीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। प्रशासन का आ-सूचना संग्रह तंत्र तथा साइबर सेल पूर्णतः सक्रिय है। उपद्रवियों पर सरकार की पैनी नजर है। गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले के चप्पे-चप्पे पर जिला प्रशासन की पैनी नजर है। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित कर करवाई की जा रही है। विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करने में संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि उनकी संलिप्तता प्रमाणित होगी तो दोषियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
