संवाददाता: साबिर अली
मझौलिया पुलिस ने लूटेरा गिरोह के सरगना को एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा है। साथ ही पुलिस ने उसके निशानदेही पर उसी के घर से 11 जिंदा कारतूस एवं 7 खोखा भी बरामद किया है।
उक्त जानकारी देते हुए बेतिया पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि मझौलिया पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के अहवर शेख ग्राम के पासवान चौक पर एक व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में खड़ा है। सूचना के आलोक मे प्रशिक्षु डीएसपी सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापामारी करने का निर्देश दिया।
जिसके पश्चात टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पासवान चौक पर छापामारी की गई। जहाँ पुलिस को देख एक व्यक्ति भागने लगा परन्तु पुलिस द्वारा उसे खदेड़ कर पकड़ा गया और उसकी तलाशी ली गई। उसके कमर से एक पिस्टल एक मैगजीन एवं चार जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम भागड़ यादव 24 वर्ष पिता रघुपति यादव ग्राम परसोतीपुर वार्ड नंबर 11 थाना मझौलिया बताया है। वहीं पुलिस ने उसी के निशानदेही पर उसके घर से 11जिंदा कारतूस तथा 7 खोखा भी बरामद किया है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधी ने स्वीकार किया है कि वह एक लूटेरा गिरोह चलाता है और हथियारों की खरीद बिक्री भी करता है। उसने अपने गिरोह के कई सदस्यों का नाम भी बताया है जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
पुलिस टीम में मझौलिया थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अशोक साह, तकनीकी सेल के अवर निरीक्षक राजीव कुमार रजक, दुष्यंत कुमार, जगदीशपुर थानाध्यक्ष राजू मिश्रा आदि पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
