संवाददाता: साबिर अल्ली
जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीकांत प्रवीण द्वारा शनिवार को महाराजा हरेन्द्र किशोर सिंह केन्द्रीय महाराजा पुस्तकालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पुस्तकालय अध्यक्ष ज्योति प्रकाश से पूरे परिसर एवं पुस्तकों की जानकारी ली तथा यहाँ आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। पुस्तकालय परिसर की स्थिति एवं अन्य व्यवस्था को देखकर क्षोभ प्रकट किया तथा इसे नए सिरे से व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पुस्तकालय में होने वाले विभिन्न प्रकार के पठन-पाठन के क्रियाकलापों, कार्यक्रमों का आयोजन तथा पुस्तकों को संरक्षित रखने हेतु दवा का छिड़काव करने का निर्देश भी दिया। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी ने पुस्तकालय की सदस्यता अभियान चलाने एवं यहाँ आवश्यकतानुसार अन्य कर्मियों का प्रतिनियोजन करने की भी बात की।
वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से पुस्तकालय के काया पलट और विधि व्यवस्था में परिवर्तन के साथ संरक्षण की आशाएं पुस्तक प्रेमियों में बढ़ गई है। ऐसे में उनका पुस्तकालय आना और पुस्तकालय जीवंत रूप की कवायद कितना सफल होता है यह आने वाले वक्त में ही देखने से पता लगेगा।