*THE ROYAL NEWS*
नाला (जामताड़ा) जिला मुख्यालय से काफी दूर नाला प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण परिवेश में शिक्षा प्राप्त युवक ने गुदड़ी के लाल कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है। साइकिल मिस्त्री के बेटे ने रेलवे में स्टेशन मास्टर बनकर नाला विधान सभा क्षेत्र का नाम रौशन किया है। या यूं कहें साइकिल मिस्त्री पिता ने अपने त्याग और मेहनत से लगनशील पुत्र को स्टेशन मास्टर बनाया, शायद इस परिपेक्ष्य में यही सही है। विदित हो कि कुंडहित बरमसिया मोड़ में साइकिल मिस्त्री तपन पाल के एकमात्र पुत्र सौरभ पाल ने रेलवे में स्टेशन मास्टर बनकर ग्रामीण परिवेश में एक मिसाल कायम किया है। वह साउथ ईस्टर्न के मालदाह जोन में स्टेशन मास्टर की परीक्षा में छठी रैंक हासिल किया है। सौरभ ने कहा कि मालदाह जोन में लगभग ढाई लाख परीक्षार्थी शामिल थे। जिसमें उसे छठी रैंक मिली है। अभी 27 जनवरी से वह जमशेदपुर के सिनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। उसके इस सफलता से न सिर्फ उसके माता पिता बल्कि आस पड़ोस के लोग भी काफी खुश है। सौरभ पाल कुंडहित सिंह वाहिनी हाई स्कूल से मैट्रिक की पढ़ाई पास की थी। कुंडहित में अपने फूफा निमाई सेन के घर रहकर मैट्रिक में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वह नाला डिग्री कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई की तथा हेतमपुर पश्चिम बंगाल से बीएड की पढ़ाई की। सौरभ पॉल बहुत साधारण परिवार से है। पिता एक साधारण साइकिल मिस्त्री तथा माता आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका में काम करती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020-22 सेशन में बीएड किया। इसके बाद रेलवे में पहली बार स्टेशन मास्टर की परीक्षा में बैठा, जिसमे उसे सफलता मिली। नाला जामताड़ा से सेख समीम की रिपोर्ट
