संबंधित लाइब्रेरियन को पुस्तकालयों में उपलब्ध कराए जा रहे प्रत्येक पुस्तक में पुस्तकालय का मुहर लगाने एवं पंजी में संधारित करने का मिला निर्देश
जामताड़ा : पुस्तकों की कमी से लाइब्रेरी में पढ़ने वाले जिले के छात्र छात्राओ एवं युवाओं को कठिनाई नहीं हो, इसके लिए आज दिनांक 08.04.2023 को उपायुक्त, जामताड़ा फ़ैज़ अक अहमद मुमताज (भा०प्र०से०) के पहल पर समाहरणालय जामताड़ा परिसर से सभी 118 सामुदायिक पुस्तकालयों में नई पुस्तकों का सेट,बुकशेल्फ एवम 20 चयनित पुस्तकालयों में स्मार्ट क्लास संचालन के लिए इंटरएक्टिव पैनल इन्वर्टर के साथ उपलब्ध कराए जाने हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिसमें इस मौके पर उपायुक्त श्री फ़ैज़ अक अहमद मुमताज (भा०प्र०से०) द्वारा संबंधित पुस्तकालय के मुखिया एवं लाइब्रेरियन को प्रति लाइब्रेरी 119 - 119 किताबों का एक एक सेट एवम 1- 1 बुकशेल्फ सभी 118 सामुदायिक पुस्तकालयों को उपलब्ध कराया गया।
वहीं उपायुक्त द्वारा पूर्व से चयनित 20 पुस्तकालयों में स्मार्ट क्लास के संचालन हेतु एक एक इंटरएक्टिव पैनल इन्वर्टर लाइब्रेरियन एवं मुखिया को प्रदान किया।
उपायुक्त ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि सभी लाइब्रेरी में अच्छे एवं उपयोगी पुस्तकों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता हो, इसी को ध्यान में रखकर आज प्रतियोगी परीक्षाओं की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण 119-119 नई पुस्तकों के सेट एवम पुस्तकों के रख रखाव के लिए 1- 1 बुक सेल्फ सभी पुस्तकालयों को उपलब्ध कराया जा रहा है। हम आशा करते हैं कि लाइब्रेरी में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा वर्ग इसका सकारात्मक लाभ उठाकर खूब मन से पढ़ाई करेंगे तथा समाज एवं जिला का नाम रौशन करेंगे।
उन्होंने इस दौरान मौजूद लाइब्रेरियन, मुखिया आदि को भी निर्देश देते हुए कहा कि आप सभी का काफी अहम दायित्व है इसे सही मायनों में क्रियान्वित करना। लाइब्रेरी में सिर्फ पुस्तक एवं संसाधन रहने से कुछ फायदा नहीं होगा, जब तक कि इसका सदुपयोग नहीं किया जाय। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुस्तकों में संबंधित लाइब्रेरी का मुहर लगाकर इसे पंजी में अवश्य संधारित करेंगे। साथ ही लाइब्रेरी में अध्ययनरत छात्र छात्राओं एवं युवाओं को बिना किसी भेदभाव के पुस्तकों को उपलब्ध कराएंगे।
वहीं उन्होंने स्मार्ट क्लास के लिए 20 इंटरएक्टिव पैनल, इन्वर्टर के साथ उपलब्ध कराते हुए कहा कि लाइब्रेरी के बेहतर संचालन को ध्यान में रखते हुए अभी 20 सामुदायिक पुस्तकालय को स्मार्ट क्लास सिस्टम उपलब्ध कराया गया है। कहा कि आप लोग इसका ध्यान रखेंगे कि इसका उपयोग सिर्फ और सिर्फ पढ़ाई लिखाई एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में हो, किसी भी परिस्थिति में इसका उपयोग मनोरंजन प्रयोजनों में नहीं हो।
*इनकी रही उपस्थिति*
इस कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावा जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री प्रधान माझी, जिला योजना पदाधिकारी श्री पंकज कुमार तिवारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी जामताड़ा, नारायणपुर, कुंडहित, करमाटांड, नाला एवं अंचल अधिकारी फतेहपुर, अंजली फेरो अलॉयज के पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी सहित मुखिया लाइब्रेरियन आदि उपस्थित थे।
