मोतिहारी,:-सुगौली को अनुमण्डल एवं करमवा रघुनाथ पुर को प्रखंड का दर्जा की मांग सुगौली विधानसभा क्षेत्र वासियों द्वारा वर्ष 2011 से हीं की जा रही है। इस मांग को लेकर जन जागरण मंच, सुगौली एक उत्प्रेरक के रुप में सुगौली वासियों एवं सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को जागरूक करने के साथ-साथ जन सहयोग से सरकार तक इस जन भावना को पहूंचाने के लिए सतत प्रयत्नशील रहती है और बहुत हद तक सफल भी है। इसी क्रम में जन जागरण मंच, द्वारा मुख्यमंत्री नितीश कुमार के प्रस्तावित बिहार भ्रमण के दौरान सुगौली प्रखण्ड के उत्तरी सुगांव पंचायत के पंचायत सरकार भवन के प्रांगण में 24-दिसम्बर को कार्यक्रम को देखते हुए 20-दिसंबर को एक बैठक की गई। मंच के सचिव मधुरेन कुमार एवं वरीय सदस्य प्रो० किशोरी प्रसाद भारती ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि सुगौली के इस ऐतिहासिक भारत नेपाल सन्धि भूमि पर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रसन्नता जाहिर करते हुए आभार प्रकट किया। मधुरेन कुमार ने कहा कि सुगौली व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता एवं सुगौली प्रखण्ड जदयू अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने मुझे सूचित किया है कि मुख्यमंत्री जी को अपने-अपने स्तर से एक ज्ञापन सौप कर सुगौली को अनुमण्डल एवं करमवा रघुनाथ पुर को प्रखंड का दर्जा दिलाने हेतु मांग रखी जायगी। वैसे तो वर्ष 2014 में लोक सभा चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में सुगौली को अनुमण्डल एवं करमवा रघुनाथ पुर को प्रखंड का दर्जा देने हेतु इस स्लोगन के साथ वादा किए थे कि "करते नहीं हम झूठा वादा, विकास हमारा पक्का इरादा "। 2015 के जनवरी माह में पटना से प्रकाशित खबर के अनुसार तत्कालीन मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी द्वारा कर्पूरी ठाकुर जयंती के अवसर पर नये जिला, अनुमण्डल एवं अनेकों प्रखंड के घोषणा किए जाने वाले सूची में सुगौली अनुमण्डल भी शामिल था।
वर्ष 2013 में सरकार के अवर सचिव कुन्दन कुमार श्रीवास्तव, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार के पत्रांक 18/ज०शि० 12-20/2013 दिनांक 05-03-2013 के आलोक में जिला प्रशासन, पूर्वी चम्पारण के आदेशानुसार प्रखंड विकास पदाधिकारी, सुगौली ने अपने पत्रांक 1152 दिनांक 18-09-2013 द्वारा विहित प्रपत्र में सरकार द्वारा मांगी सूचनाएं नक्शा के साथ जिला मुख्यालय को उपलब्ध भी करा दिया है।
मंच के अध्यक्ष ऐनुल हक ने बताया कि सुगौली को अनुमण्डल एवं करमवा रघुनाथ पुर को प्रखंड का दर्जा की मांग पर जिला प्रशासन के आदेशानुसार सुगौली नगर पंचायत समिति एवं सुगौली प्रखण्ड पंचायत समिति से भी यह प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित है। इस प्रकार यह कहा जा सकता है जनता की निचली अदालत ने सुगौली को अनुमण्डल एवं करमवा रघुनाथ पुर को प्रखंड का दर्जा देने हेतु अपना फैसला दे दिया है। अब सरकार के इच्छा शक्ति की जरूरत है।
मौके पर मधुरेन कुमार, प्रो० किशोरी प्रसाद भारती, राजा सिंह, अशोक कुमार गुप्ता, ऐनुल हक, डाॅ० संत साह, डाॅ० प्रो० पवन सहनी, उदय प्रकाश श्रीवास्तव, विश्वजीत सरकार, मदन मोहन सरकार आदि अनेकों लोग उपस्थित थे।


