मोतिहारी:-सुगौली प्रखंड क्षेत्र के पंचायत उतरीं सुगांव में मुख्यमंत्री के मंगलवार को प्रगति यात्रा के दौरान आगमन को लेकर प्रखंड के पंचायत उतरीं सुगांव में पंचायत सरकार भवन को दुल्हन की तरह सजाया गया है। प्रगति यात्रा के दौरान गांव के लोगो से संवाद करेंगे। सरकार की चल रही योजनाओं के बारे में जानकारी लेंगे। प्रखंड के उतरीं सुगांव पंचायत के सुगांव में कार्यक्रम स्थल पर भरपूर व्यवस्था की गई है। पंचायत सरकार भवन का उदघाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। इसके साथ ही बिहार का पहला जीविका भवन का निरीक्षण करेंगे। पोखर का जीर्णोधार सहित अन्य जगहों का निरीक्षण करेंगे। गांव की सड़कों की साफ सफाई कर दी गई है। गांव के चारो ओर चहल-पहल है। शाम होते ही कार्यक्रम स्थल दूधिया रौशनी से नहला जाता है। पूरे गांव में दीवाली जैसी रौशनी है। सड़के पूरी तरह चकाचक हो गई है। कार्यक्रम स्थल के समीप के सभी विद्यालयों व सरकारी कार्यालय को सजा- धजा दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर अवस्थित मंदिर को भी सजाया गया है। गांव के लोग काफी उत्साहित है कि मुख्यमंत्री गांव में आ रहे है कम से कम हमलोग देख तो लेंगे और उनसे बातचीत भी हो सकती है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से कड़े प्रबंध किए गए है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। वही आदर्श उच्च विद्यालय फुलवरिया में बने हेली पैड का जायजा अधिकारियों ने लिया। स्कूल के अगल- बगल व सड़को पर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पुलिस तैनात हो गई है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अधिकारियों का जायजा जोरों पर है। विधि व्यवस्था में कहीं से कोई त्रुटि ना हो इसको लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम स्थल पर सीएम द्वारा पंचायत सरकार भवन सहित अन्य चीजों का उद्घाटन किया जायेगा। इस आगमन को लेकर आस-पास के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। साथ ही जिला एसपी के दिए गए दिशा-निर्देश के अनुसार पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। वहीं पुलिस आला अधिकारी सहित विभिन्न विभाग के अधिकारियों का आना-जाना लगा हुआ हैं। निरीक्षण के दौरान रक्सौल एसडीएम शिवाक्षी दीक्षित,बीडीओ नूतन किरण,पुलिस निरीक्षक अशोक पांडेय,थानाध्यक्ष अमित सिंह,मुखिया संघ अध्यक्ष सोनालाल सहनी,मुखिया संघ उपाध्यक्ष प्रभाकर मिश्र,मुखिया बिरजाभार,मुखिया अवधेश कुशवाह,बीपीआरओ नाजिश परवीन,अखिलेश कुमार, अंशु पांडे सहित कई अधिकारी व कर्मी मौजूद रहें।


