मोतिहारी। गौशाला रोड स्थित सामाजिक कार्यकर्ता एवं जेपी सेनानी अमर के निवास पर नगर पंचायत क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों की एक बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जयप्रकाश आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले समाज सेवी अमर एवं संचालन सेवानिवृत्त स्टेशन अधीक्षक रमेश कुमार सिंह ने किया। इस बैठक में मेहसी के आधुनिक निर्माता स्वर्गीय राय साहब भुलावन लाल की जयंती समारोह 21 फरवरी 2025 को धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। इस कड़ी में मेहसी के साहित्यकार, कवि, शायर , बटन बनाने वाले निर्माता, कारीगर और शिक्षा के क्षेत्र, रोजगार क्षेत्र सहित स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाने वाले सभी महापुरुषों को इस दिन याद करने और उनमें से कुछ परिवार के सदस्यों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया । उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी और उद्योग विभाग के पदाधिकारियों से मिलकर उन्हें आमंत्रित करने का भी निश्चय किया गया। इस अवसर पर मेहसी के ऐतिहासिक,साहित्यिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक तथा उद्योग धंधों को बढ़ावा देने वाले सभी महापुरुषों की जीवनी से संबंधित एक स्मार पत्र भी प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया। इस कड़ी में यहां के एकमात्र बटन फैक्ट्री के उत्पादन और इसे बाजार उपलब्ध कराने वाले व्यवसायियों को विशेष रूप से कार्यक्रम में सहभागी बनाने का निश्चय किया गया। वही ईस बैठक मे जेपी सेनानी अमर , महेंद्र सिंह, रमेश कुमार सिंह, वीरेश्वर प्रसाद गुप्ता, सुदिष्ट नारायण ठाकुर,हसन इमाम संजय कुमार सिंह, अनिल ठाकुर, हामिद रजा, मनोज मिली मोहन प्रसाद गुप्ता, आनंद प्रकाश सिंह, राजीव गुप्ता शामिल थे।


