कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव–2025 में चयनित कला प्रतिभागियों का दल सोमवार को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने के लिए रवाना हुआ। समाहरणालय परिसर से सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी फहद सिद्दीकी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर कलाकारों के दल को ससम्मान विदा किया। उल्लेखनीय है कि शहर के महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में दिनांक 02 से 03 दिसंबर तक आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव में जिले की युवा प्रतिभाओं ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कला प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया था। इन प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ चयनित टीमों को अब मधुबनी में दिनांक 23 से 24 दिसंबर 2025 को आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने हेतु जिला प्रशासन द्वारा भेजा गया है। राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिए जिले से कुल सात विधाओं के प्रतिभागियों का चयन किया गया है, जिनमें समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, चित्रकला, वक्तृता (भाषण), कहानी, कविता तथा इनोवेशन ट्रैक (विज्ञान मेला/प्रदर्शनी) के विजेता प्रतिभागी शामिल हैं। जिला स्तर पर अपनी-अपनी विधाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ये सभी युवा कलाकार अब राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे। वहीं, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित होने वाले सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को आगामी राष्ट्रीय युवा उत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी के विशेष कार्य पदाधिकारी अमरेश कुमार, समग्र शिक्षा के मीडिया प्रभारी शकील अहमद सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिले की युवा प्रतिभाएं राज्य स्तर पर लहराएंगी अपनी कला का परचम/THE ROYAL NEWS
सोमवार, दिसंबर 22, 2025
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें

