नई दिल्ली। THE ROYAL NEWS
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अभिनेता से नेता बने थालापति विजय से केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई करूर भगदड़ मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। यह मामला तमिलनाडु के करूर जिले में पिछले वर्ष हुई दर्दनाक भगदड़ से जुड़ा है, जिसमें 41 लोगों की जान चली गई थी। सीबीआई के अनुसार, 27 सितंबर 2025 को थालापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्त्री कज़गम (TVK) द्वारा करूर में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया था। रैली के दौरान जब विजय भाषण देने मंच पर पहुंचे, उसी समय भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। इस हादसे में 41 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई की पूछताछ में विजय से कई अहम सवाल किए गए। पहला सवाल यह था— “आप खुले वाहन पर खड़े थे और भीड़ में लोगों के बेहोश होने की स्थिति साफ नजर आ रही थी, इसके बावजूद आपने अपना भाषण जारी क्यों रखा?” जांच एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए क्या कदम उठाए गए थे। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि भगदड़ के समय कार्यक्रम को तत्काल क्यों नहीं रोका गया। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, यह पूछताछ रैली के आयोजन, अनुमति प्रक्रिया और जिम्मेदार लोगों की भूमिका को लेकर की जा रही है। फिलहाल इस मामले में जांच जारी है और आने वाले दिनों में अन्य आयोजकों व प्रशासनिक अधिकारियों से भी पूछताछ की जा सकती है। करूर भगदड़ की घटना ने उस समय पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया था। अब सीबीआई जांच से पीड़ित परिवारों को न्याय की उम्मीद बंधी है।

