पूर्वी चम्पारण | 05 जनवरी 2026 | The Royal News
आज दिनांक 05 जनवरी 2026 को उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार से संबंधित मासिक समीक्षात्मक बैठक का आयोजन श्री डॉ० राधाकृष्ण भवन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता मो० सरफराज नवाज, प्रभारी पदाधिकारी जिला उर्दू भाषा कोषांग-सह-उप निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा की गई।
बैठक के दौरान प्रभारी पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक मासिक बैठक में सभी उर्दू कर्मी वांछित प्रतिवेदन के साथ समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। विलंब से आने अथवा बिना पूर्व सूचना/अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी उर्दू कर्मियों से मासिक प्रगति प्रतिवेदन की मांग की गई, जिसकी क्रमवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सभी कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार एवं आमजन के बीच उर्दू के प्रयोग को बढ़ावा देने हेतु सतत प्रयास करें। साथ ही, अपने-अपने कार्यालयों में पदस्थापित कर्मचारियों को भी उर्दू भाषा सीखने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।
उर्दू विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाली वाद-विवाद प्रतियोगिता की भी समीक्षा की गई। सहायक उर्दू अनुवादकों के बिपार्ड में प्रशिक्षण तथा फरवरी माह में मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा आयोजित होने के कारण प्रतियोगिता का आयोजन मार्च माह के तीसरे सप्ताह में कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में साप्ताहिक विद्यालय भ्रमण की समीक्षा करते हुए जिन कर्मियों द्वारा नियमित भ्रमण किया जा रहा है, उनकी सराहना की गई। शेष कर्मियों को निदेशालय एवं जिलाधिकारी, पूर्वी चम्पारण के निर्देशों के अनुपालन में साप्ताहिक विद्यालय भ्रमण सुनिश्चित करने एवं उसका प्रतिवेदन जिला उर्दू भाषा कोषांग को भेजने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिन विद्यालयों में हिंदी के साथ उर्दू में नाम प्रदर्शित नहीं है, उनकी सूची तैयार कर भेजने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक के समापन चरण में प्रभारी पदाधिकारी द्वारा सभी उपस्थित उर्दू कर्मियों के बीच “उर्दू दुनिया”, “बच्चों की दुनिया” एवं “ख्वातीन ए दुनिया” पत्रिकाओं का वितरण किया गया। उन्होंने सभी कर्मियों से अपने मौलिक दायित्वों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार हेतु निरंतर प्रयास करने तथा उर्दू भाषी जनता, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्थानीय लेखक एवं कवियों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं शुभकामनाओं के साथ बैठक की कार्यवाही समाप्त की गई।

