पूर्वी चम्पारण | The Royal News
पूर्वी चम्पारण जिले के चकिया प्रखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल सीताकुंड धाम के पुनर्विकास का कार्य तेजी से जारी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का क्रियान्वयन बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा किया जा रहा है। पुनर्विकास कार्य की शुरुआत 10 सितंबर 2025 को की गई थी, जिसे 08 दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना के अंतर्गत सीताकुंड धाम परिसर में चारदीवारी निर्माण, भव्य प्रवेश द्वार, सुरक्षा व्यवस्था, तालाब का सौंदर्यीकरण, सड़क एवं बैठने की सुविधा, कैफेटेरिया, कॉटेज, शौचालय परिसर तथा दुकानों का निर्माण किया जा रहा है।
परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत सीताकुंड धाम एक आधुनिक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तीर्थ एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, साथ ही क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं में इस पुनर्विकास परियोजना को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग इसके शीघ्र पूर्ण होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

