गुना | मध्य प्रदेश | The Royal News
मध्य प्रदेश के गुना जिले के ग्राम भूपमढ़ी में देर रात डकैती की एक बड़ी साजिश को ग्रामीणों की सतर्कता और एकजुटता ने नाकाम कर दिया। हथियारों से लैस करीब 11 बदमाश गांव में घुसकर डकैती की फिराक में थे, लेकिन ग्रामीणों की हिम्मत देखकर वे उल्टे पांव भागने पर मजबूर हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने रात के समय एक मकान को निशाना बनाने का प्रयास किया। इसी दौरान मकान मालिक की नजर संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी, जिसके बाद उसने शोर मचाया। शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और बदमाशों को घेर लिया। ग्रामीणों की घेराबंदी के दौरान बदमाशों में से एक को पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाश के पास से हथियार भी बरामद होने की सूचना है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए बदमाश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना के बाद गांव में दहशत के साथ-साथ ग्रामीणों की बहादुरी की चर्चा भी हो रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

