मोतिहारी//THE ROYAL NEWS
पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईंट लदे एक ट्रैक्टर के पलट जाने से घटनास्थल पर दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर ईंट लादकर मजदूर जा रहे थे, इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में तीन मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुट गई। वहीं घायल मजदूर को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

