होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन द्वारा नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज अनुमंडल प्रशासन रक्सौल की टीम ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थित दुकानों में सघन छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित मादक पदार्थों, नशीले उत्पादों एवं अवैध रूप से बेची जा रही सामग्रियों की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या नशीले पदार्थों की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने कहा कि राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा और पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।
अनुमंडल प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशामुक्त एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
प्रशासन का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

