होली के पावन पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी आदेश में जिले के समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार होलिका दहन 02 मार्च 2026 की रात्रि को होगा, जबकि होली पर्व 03 एवं 04 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। किसी भी विवादित स्थल पर होलिका दहन न हो, इसके लिए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को स्थलों का भ्रमण कर स्थिति का जायज़ा लेने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। शांति समिति की बैठकें आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया है।
विधि-व्यवस्था की निगरानी हेतु मोतिहारी स्थित समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। साथ ही सभी अनुमंडल कार्यालयों में भी नियंत्रण कक्ष 02 मार्च की दोपहर से 05 मार्च 2026 तक सक्रिय रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06252-242418 चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा।
जिले के 531 चिन्हित स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें मोतिहारी सदर अनुमंडल में 215, सिकरहना में 154, पकड़ी दयाल में 96, चकिया में 89, रक्सौल में 45 तथा अरेराज में 32 स्थान शामिल हैं। प्रत्येक अनुमंडल में वरीय अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पकड़ीदयाल में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, अरेराज में एडीएम PGRO श्री शैलेंद्र कुमार भारती, चकिया में एडीएम विभागीय जांच मो. शिबगतूल्लाह, रक्सौल में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी श्री कुमार विवेकानंद, सिकरहना में जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री रामजन्म पासवान तथा मोतिहारी सदर में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अरुण कुमार को दायित्व सौंपा गया है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखेंगे।
जिले के सभी थानों को अलर्ट मोड में रखा गया है। दंगा निरोधी दस्ता, SDRF, फायर सर्विस, चिकित्सा दल, एंबुलेंस एवं क्विक रिस्पांस टीम को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है। थाना एवं प्रखंड स्तर पर भी QRT का गठन किया गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी भ्रामक सूचना के प्रसार पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल को भी एक्टिव मोड में रखा गया है।
पर्व के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा अश्लील गीतों के प्रसारण पर सख्त रोक होगी। राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। सदर अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ होली मनाएं, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष (06252-242418) या निकटतम थाना को दें।

