पू. च. मोतिहारी : आगामी युवा चम्पारण महोत्सव 2026 के सफल आयोजन को लेकर रविवार को मोतिहारी में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान आयोजन समिति ने 7 से 9 अगस्त तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा, प्रतियोगिताओं, व्यवस्थाओं एवं आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की। समिति ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव का आयोजन पहले से अधिक भव्य, व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों का उत्साह देखते हुए अब तक 2000 से अधिक प्रतिभागी अपना पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए युवा चम्पारण महोत्सव समिति के अध्यक्ष आकर्ष कुमार तिवारी ने कहा कि युवा चम्पारण महोत्सव केवल खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं, बल्कि पूर्वी चम्पारण की युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता, रचनात्मकता एवं नेतृत्व कौशल प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास है। वहीं कोषाध्यक्ष सह संयोजक अभिषेक सिंह सूर्या ने बताया कि महोत्सव को लेकर जिलेभर के युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 2000 से अधिक प्रतिभागियों का पंजीकरण हो चुका है तथा आयोजन समिति सभी प्रतियोगिताओं को निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त को प्रातः 5:00 बजे मैराथन दौड़ के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसके बाद क्विज, ड्रॉइंग एवं शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 8 अगस्त को साइकिल रेसिंग एवं स्लो साइकिल रेसिंग प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। इसके पश्चात सिंगिंग एवं डांस प्रतियोगिताओं के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जिलेभर के प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 9 अगस्त को बापू सभागार, मोतिहारी में महोत्सव का भव्य समापन समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान-पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही मुख्य अतिथियों के प्रेरणादायी संबोधन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
समिति ने बताया कि पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा, प्राथमिक उपचार, पेयजल, मीडिया समन्वय, मंच संचालन एवं स्वयंसेवकों की विशेष व्यवस्था की गई है। महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग पंजीकरण एवं प्रवेश व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि आयोजन पूरी तरह सुरक्षित, अनुशासित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। प्रेस वार्ता में आयोजन समिति ने जिले के सभी युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की। समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि युवा चम्पारण महोत्सव आने वाले वर्षों में पूर्वी चम्पारण ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के युवाओं के लिए खेल, शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक एकता का एक सशक्त मंच बनकर स्थापित होगा। समिति ने यह भी जानकारी दी कि महोत्सव के समापन समारोह में बिहार सरकार की खेल मंत्री सह उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, गोविंदगंज के विधायक राजू तिवारी, नरकटिया के विधायक विशाल कुमार तथा सुगौली के विधायक बबलू गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। इनके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियाँ एवं समाजसेवी भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। इस अवसर पर युवा चम्पारण महोत्सव समिति के अध्यक्ष आकर्ष कुमार तिवारी, कोषाध्यक्ष सह संयोजक अभिषेक सिंह सूर्या, उपाध्यक्ष अंकित सिंह राजपूत, प्रधान सचिव अमिता निधि, मीडिया प्रभारी विशाल कुमार, सुरक्षा प्रमुख हिमांशु दुबे, मनीष सिंह सूर्या, अमन कुमार, रौशन कुमार, रिशु कुमार, शाकिब महमूद, गोल्डन श्रीवास्तव, सौरभ पांडे, सुन्नी सिंह, देव राज तथा विशाल भगत, ख़ुशी भारद्वाज, प्रिंसी पांडे, पल्लवी तिवारी, अदिति गुप्ता, सहित युवा चम्पारण महोत्सव समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं जिले की अनेक गणमान्य हस्तियाँ उपस्थित रहीं।

