रिंग बांध में घटिया निर्माण को लेकर सुजीत रमन ने आक्रोश जाहिर किया।
ब्यूरो रिपोर्ट:- अमरुल आलम खान
सुगौली थाना क्षेत्र के लालपरसा में रिंग बांध में घटिया सामग्री लगाने को लेकर ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा व नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार शुकुल पाकड़ पंचायत के लालपरसा के ग्रामीणों ने सिकरहना नदी के कटाव से बचाव को लेकर घटिया किस्म के बोरा में मिट्टी भरकर डालने से नाराज को गए और कार्य स्थल पर जमकर बवाल काटा और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समाजिक कार्यकर्ता सुजीत सिंह रमन,मुकेश कुमार,साजन मिश्र,रामप्रवेश जी,सुकट पासवान,अनिल सिंह,अशोक पासवान,प्रमोद पासवान ने बताया कि सिकरहना नदी के द्वारा प्रत्येक साल लालपरसा में कटाव होता है और दर्जनभर मकान नदी अपने चपेट में ले लेता है। बाढ़ आने पर सैकड़ों परिवार बेघर हो जाते है। हर साल यहां की जनता बाढ़ व कटाव का दंश झेलने को मजबूर होते है।बावजूद इसके प्रशासन के द्वारा कटाव से बचाव के कारगर कदम नहीं उठाया जा रहा है।बाढ़ से बचाव के लिए जर्जर रिंग बांध की ठीक से मरम्मति का कार्य नहीं हो रहा है। बांध की मरम्मति के नाम पर केवल खानापूर्ति कर दी जा रही है।यहां ले लोगों को बाढ़ आने के समय अपना जान बचाना मुश्किल हो जाता है।सीओ बद्री ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।
स्थानीय मुखिया असफाक आलम ने कहा की बालू के बैग के जगह मिट्टी का बैग रखने से नदी का कटाव नहीं रुकेगा। ग्रामीणों की मांग जायज है। कटाव से बचाव करना बहुत ही जरूरी है।

